बद्दी में 26 दिसंबर को होगा विशाल शिव नुआला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, अजय शर्मा करेंगे भोलेनाथ का गुणगान

25 नवम्बर, तरसेम जरयाल : बद्दी में 26 दिसंबर को भगवान भोलेनाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय होगा। जय मणिमहेश सेवा दल वेलफेयर सोसाइटी बद्दी की ओर से इस दिन विशाल शिव नुआला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जीएस रिजॉर्ट, अमरावती में आयोजित होगा, जिसमें धार्मिक अनुष्ठान के साथ हिमाचली लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध नुआला गायक अजय शर्मा अपनी टीम के साथ पारंपरिक शिव नुआले के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करेंगे। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली कलाकार ईशांत भारद्वाज, सुजाता भारद्वाज और कमल नेहरिया अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन के दौरान शिव पूजन एवं नुआले के साथ श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक कांगड़ी धाम की व्यवस्था भी रहेगी।

जय मणिमहेश सेवा दल वेलफेयर सोसाइटी बद्दी के अध्यक्ष राजेंद्र चौहान ने सभी शिव भक्तों एवं क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हिमाचल की समृद्ध गद्दी संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *