25 नवम्बर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पशुपालन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में विधायक मलेंद्र राजन ने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी साझा की।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व संभाला था, उस समय गंगथ सिविल अस्पताल में केवल एक डॉक्टर कार्यरत था, जबकि अब यहां छह डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। गंगथ और इंदौरा के सिविल अस्पतालों में डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को भी दूर किया गया है। उन्होंने बताया कि गंगथ अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाने की मांग सरकार को भेजी गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों विशेषकर गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि गंगथ से घेटा सड़क सहित विधानसभा क्षेत्र की छह अन्य सड़कों का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन सड़कों का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा जल्द किया जाएगा। इन सड़कों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के चार सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिनमें गंगथ का स्कूल भी शामिल है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे। इसके अलावा गंगथ में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह बनाने के लिए भूमि तलाशने की प्रक्रिया भी जारी है।
उन्होंने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने के साथ गंगथ को जिला मुख्यालय बनाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाई जाएगी। मलेंद्र राजन ने ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के बारे में बताया कि इसके तहत आर्थिक रूप से पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। योजना में पंजीकरण की कोई निर्धारित समय सीमा नहीं है। पात्रता के सभी मापदंड पूरे करने वाले इच्छुक परिवार पंजीकरण करवा सकते हैं। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर जरम सिंह ठाकुर, कुलदीप शर्मा, मनोहर सिंह, पिंकी, शशिकांता, राजेश कुमार, नरेश कुमार, मनोज कुमार, केवल कलोत्रा, गुलाम रसूल, सुशील शर्मा, सुनील ठाकुर, नरेश शर्मा, राकेश शर्मा, असलम खान, दिनेश शेट्टी, विवानिदात, राजीव चौधरी, बिजली विभाग से संदीप सन्याल, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ लोक निर्माण विभाग राजीव बिंद्राल, वेटरनरी ऑफिसर मुनीश गुप्ता और तनु डोगरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।