धारकंडी के दरीनी से लाम बोह तक सड़क की टायरिंग पूरी, आजादी के बाद पहली बार लाम पहुंची पक्की सड़क

24 नवम्बर, तरसेम जरयाल : धारकंडी क्षेत्र के दरीनी से लाम बोह तक सड़क का टायरिंग और चौड़ीकरण कार्य पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से खराब सड़क और संकरे रास्तों की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह कार्य बड़ी सौगात साबित हुआ है। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों और दिशा-निर्देशों से आजादी के बाद पहली बार लाम तक पक्की सड़क पहुंचने का सपना साकार हुआ है।

सड़क के चौड़ीकरण और सुधारीकरण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में भी सुधार हुआ है। पहले कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी थी कि वाहनों को एक-दूसरे से पास देना मुश्किल होता था। अब सड़क चौड़ी होने से बसों सहित बड़े वाहन भी आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय वाहन चालकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य के लिए उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से धारकंडी जैसे दुर्गम क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को मजबूती मिली है। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत रुलहेड़ के उपप्रधान ओम चंद, हार बोह की प्रधान नीलमा देवी, उपप्रधान सुरेश कुमार, पूर्व उपप्रधान पप्पू राम, धारकंडी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शशिपाल शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य रीतिका शर्मा, रिड़कमार पंचायत प्रधान शिल्पा कुमारी, पूर्व प्रधान राजिंदर शर्मा, पूर्व प्रधान जोधा राम तथा कमेटी सदस्य उत्तम चंद सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रिड़कमार में लोक निर्माण विभाग का सब-डिवीजन स्थापित होने से धारकंडी क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, रखरखाव और सुधारीकरण कार्यों को गति मिली है। विभागीय स्तर पर बेहतर निगरानी और स्थानीय स्तर पर कार्यों की उपलब्धता से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *