24 नवम्बर: कांगड़ा जिले के लंज स्थित साईं मंदिर में भगवान श्री सत्य साईं बाबा का 101वां जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान मंत्री यादविंद्र गोमा ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री सत्य साईं बाबा का जीवन प्रेम, करुणा, मानवता और निस्वार्थ सेवा के आदर्शों को समर्पित रहा है। उनकी शिक्षाएं समाज को आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर युवा पीढ़ी को साईं बाबा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
मंत्री ने समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को भी सुना तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भगवान श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को प्रेम, सेवा, शांति और भाईचारे का संदेश देती हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। समारोह में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
समारोह में जिला परिषद सदस्य मीना राणा, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीना ठाकुर, प्रधान सर्वजीत, वीना देवी, उपप्रधान नसीब राणा, मनजीत राणा, रणजीत सिंह बग्गा सहित मंदिर कमेटी के सदस्य, अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी समारोह में भाग लेकर साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।