24 नवम्बर: उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जिले में कार्यरत बैंकों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों पर पात्रता के अनुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को समय पर ऋण उपलब्ध करवाने से वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत बनाने में योगदान दे पाएंगे।
मनमोहन शर्मा आज यहां अग्रणी बैंक यूको बैंक की ओर से आयोजित जिला सलाहकार समिति की 185वीं त्रैमासिक बैठक, जिला स्तरीय समीक्षा बैठक और यूको आरसेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लक्षित वर्गों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए आमजन तक विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत अधिकतम 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण का प्रावधान है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि कोई भी विद्यार्थी आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को किसानों को फसल बीमा और पशु बीमा करवाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक शाखाओं के बैंकिंग प्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी पंचायत स्तर पर प्रदर्शित करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को बैंक संबंधी समस्याओं के समाधान में सुविधा मिल सके।
यूको आरसेटी की बैठक में उपायुक्त ने संस्थान को कृषि व्यवसाय से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण शिविर और किसान क्रेडिट कार्ड मेले आयोजित करे।
बैठक में अग्रणी बैंक यूको बैंक की प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक सोलन जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 3,81,435, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 1,49,885 और अटल पेंशन योजना के तहत 99,773 लाभार्थियों को जोड़ा जा चुका है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत जिले में 6,462 लाभार्थियों को लगभग 174.39 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न बैंकों में पंजीकृत 1,210 स्वयं सहायता समूहों को 24.26 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया गया है।
यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारिया ने बताया कि पिछली तिमाही में 10 प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 284 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष शीला कुमारी, भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी, अग्रणी बैंक के जिला अधिकारी इबादत सिंह सेठी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।