धारकंडी के दरीनी से लाम बोह तक सड़क की टायरिंग पूरी, चौड़ीकरण से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

24 नवम्बर, तरसेम जरयाल : धारकंडी क्षेत्र में दरीनी से लाम बोह तक सड़क का टायरिंग और चौड़ीकरण कार्य पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। आजादी के बाद पहली बार लाम तक पक्की सड़क पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। उप मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया के दिशा-निर्देशों और निरंतर प्रयासों से यह कार्य संभव हो पाया है।

लंबे समय से सड़क की खराब हालत और संकरे रास्तों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी थी कि वाहनों को एक-दूसरे से पास देना भी मुश्किल होता था। अब सड़क के चौड़ीकरण और टायरिंग से यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है। बसों सहित बड़े वाहन भी आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय वाहन चालकों को काफी सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य के लिए उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से धारकंडी क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत रुलहेड़ के उपप्रधान ओम चंद, हार बोह की प्रधान नीलमा देवी, उपप्रधान सुरेश कुमार, पूर्व उपप्रधान पप्पू राम, धारकंडी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शशिपाल शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य रीतिका शर्मा, रिड़कमार पंचायत प्रधान शिल्पा कुमारी, पूर्व प्रधान राजिंदर शर्मा, पूर्व प्रधान जोधा राम और कमेटी सदस्य उत्तम चंद सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रिड़कमार में लोक निर्माण विभाग का सब-डिवीजन स्थापित होने से धारकंडी क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, रखरखाव और सुधारीकरण कार्यों को गति मिली है। विभागीय स्तर पर बेहतर निगरानी और स्थानीय स्तर पर कार्यों की उपलब्धता से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सुविधा हो रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *