24 नवम्बर: रामपुर में संभावित उपचुनाव से पहले कौल नेगी का अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र रद्द किए जाने का मामला सामने आया है। पूर्व आईएएस अधिकारी एवं भाजपा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम सिंह धरैक की अपील पर एसडीएम रामपुर ने यह कार्रवाई की है। प्रेम सिंह धरैक ने शिमला में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एसडीएम ने तहसीलदार रामपुर की ओर से 29 अक्तूबर, 2022 को पारित आदेश को रद्द करते हुए 16 अगस्त, 2022 को कौल नेगी को जारी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र भी निरस्त कर दिया है। उनके अनुसार, आदेश में प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं।
आदेश के मुताबिक, प्रमाण पत्र ऐसे अधिकारी की ओर से जारी किया गया था, जिसके पास इसे जारी करने का अधिकार नहीं था। इसके अलावा प्रमाण पत्र जारी करने से पहले आवश्यक सत्यापन भी नहीं किया गया था। एसडीएम ने तहसीलदार रामपुर को प्रमाण पत्र रद्द किए जाने की जानकारी राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, कौल नेगी ने प्रमाण पत्र रद्द करने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे दबाव में लिया गया फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र सभी आवश्यक सत्यापन के बाद जारी किया गया था। चुनाव के समय ही इस मुद्दे को उठाया जाता है और अब भी संभावित उपचुनाव को देखते हुए इसे दोबारा उठाया जा रहा है। कौल नेगी ने कहा कि वह मंगलवार को प्रेस वार्ता कर इस मामले से जुड़े साक्ष्य सार्वजनिक करेंगे।