24 नवम्बर : जवाहर नवोदय विद्यालय के कांगड़ा और हमीरपुर जिला के पूर्व छात्रों ने कांगड़ा के उपायुक्त एवं आईएएस अधिकारी हेमराज बैरवा के सम्मान में मैकलोडगंज स्थित फॉर्च्यून मोक्ष होटल में विदाई समारोह आयोजित किया। हेमराज बैरवा की हाल ही में केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) के पद पर नियुक्ति हुई है।
स्वयं जवाहर नवोदय विद्यालय दौसा (राजस्थान) के पूर्व छात्र रहे हेमराज बैरवा का पूर्व छात्र संघ के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह में कांगड़ा और हमीरपुर के नवोदय विद्यालयों के पूर्व छात्र शामिल हुए, जिनमें विभिन्न प्रशासनिक, चिकित्सा और शैक्षणिक पदों पर कार्यरत अधिकारी भी मौजूद रहे।
पूर्व छात्रों ने कांगड़ा जिला में हेमराज बैरवा के कार्यकाल और जनहित में किए गए कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
हेमराज बैरवा ने नवोदय विद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि नवोदय के संस्कारों ने उन्हें समाज सेवा और प्रशासनिक दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने पूर्व छात्रों की ओर से मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।