11 फरवरी : सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना बद्रीपुर चौक (गुरु गोविंद सिंह जी चौक) के समीप हुई। मृतका की पहचान शोभना पत्नी राकेश, निवासी जग्गा गली बद्रीपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभना सुबह शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान बद्रीपुर चौक पर रेड लाइट पर खड़ा एक ट्रक सिग्नल हरा होते ही आगे बढ़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान महिला ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बद्रीपुर चौक पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि व्यस्त चौराहों पर यातायात प्रबंधन को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।