11 फरवरी: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.546 किलोग्राम चरस बरामद की है। यह कार्रवाई नेशनल हाईवे-44 के समीप सांझा पीर (डमटाल) क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन के माध्यम से नशीले पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पिकअप से 1.546 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके साथ ही आरोपियों के पास से ₹15,000 नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ध्यान सिंह (34) निवासी जिला चम्बा, प्रथम उर्फ राहुल निवासी जिला कांगड़ा तथा अमन उर्फ मंगु (22) निवासी जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
थाना डमटाल में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है (एफआईआर नंबर 34/2026)। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।