भरमौर में युवक की रहस्यमयी मौत: जालंधर के दो साथी हिरासत में, कार से चिट्टा बरामद

11 फरवरी: चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस नशे की ओवरडोज की आशंका जता रही है। इस मामले में मृतक के साथ आए जालंधर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ है।

मृतक की पहचान भरमौर निवासी रोहित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 8 फरवरी को जालंधर से जिवांशु दुआ (30) और कर्ण (25) नामक दो युवक कार में भरमौर पहुंचे थे। दोनों ग्राम पंचायत सचुई के बाड़ी गांव में एक स्थानीय व्यक्ति के घर ठहरे हुए थे। रोहित भी उनके साथ उसी कमरे में रुका था।

अगली सुबह रोहित को अचेत अवस्था में पाया गया। परिजनों को सूचना दी गई और उसे तुरंत सिविल अस्पताल भरमौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद कड़ी पूछताछ की गई। हैलीपैड के पास खड़ी कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने डिक्की में रखे टूल बॉक्स के जैक के भीतर छिपाए गए दो पारदर्शी लिफाफों से 2.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसके बाद दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नशीला पदार्थ केवल व्यक्तिगत उपयोग के लिए था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, लेकिन तफ्तीश जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *