11 फरवरी: ऊना जिले के अम्ब क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर धुसाड़ा क्षेत्र में एक कार की तलाशी के दौरान 30 हजार से अधिक ट्रामाडोल गोलियां बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह संयुक्त ऑपरेशन ड्रग इंस्पेक्टर रजत शर्मा की मौजूदगी में अंजाम दिया गया। बरामद की गई गोलियों की मात्रा क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशा नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाती है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व 19 दिसंबर को भी पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त छापेमारी करते हुए वार्ड नंबर-3 स्थित एक दवा कारोबारी के आवास से 2330 ट्रामाडोल गोलियां और लगभग 24.35 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। उस मामले में तीन आरोपी—एक दवा कारोबारी, एक एमआर और रक्कड़ कॉलोनी का मेडिकल स्टोर संचालक—वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
हालिया कार्रवाई से स्पष्ट है कि अवैध नशा कारोबार के खिलाफ विभागीय अभियान लगातार जारी है।
एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं ड्रग इंस्पेक्टर रजत शर्मा ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए विभाग निगरानी और जांच अभियान तेज कर रहा है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।