19 नवम्बर: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी में बुधवार को जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम के तहत निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिला मंडी के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में 100 प्रतिभागियों ने निबंध लेखन और 100 ने प्रश्नोत्तरी में अपनी प्रतिभा दिखाई। सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी।
कार्यक्रम में एसडीएम सदर मंडी चंद्र प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को अपने मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और उससे जुड़ी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंत में एसडीएम चंद्र प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, निर्वाचन तहसीलदार राजेश शर्मा, निर्वाचन नायब तहसीलदार सुनील जोशी व अरविन्द मिन्हास, आईटीआई मंडी के प्रधानाचार्य अजेश कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी उपस्थित रहे।