परवाणू में फर्जी कोटेशन व टैस्ट रिपोर्ट मामले में गिरफ्तारी, आरोपी न्यायिक हिरासत में

11 फरवरी: सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना परवाणू में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 23 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि दक्षिणी रेंज शिमला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता रजा राम भारती निवासी परवाणू ने आरोप लगाया था कि सतीश बेरी नामक व्यक्ति स्वयं को समाजसेवी बताकर अधिकारियों को ब्लैकमेल करता था और विभिन्न विभागों से अपने तथा अपने पुत्र के लिए सरकारी कार्य हासिल करता था।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने परवाणू के सेक्टर-4 स्थित हिमुडा फ्लैट्स के लिए बिजली की टैस्ट रिपोर्ट नगर परिषद को प्रस्तुत की और इसके बदले भुगतान भी प्राप्त किया, जबकि वायरिंग का कार्य हिमुडा द्वारा टेंडर प्रक्रिया के तहत किसी अन्य ठेकेदार को आवंटित किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि टैस्ट रिपोर्ट बिना कार्य किए तैयार कर प्रस्तुत की गई थी।

पुलिस ने जांच के दौरान नगर परिषद परवाणू से संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया। जांच में पाया गया कि कार्य आवंटन के लिए आवश्यक तीन कोटेशन कथित रूप से फर्जी तरीके से तैयार किए गए थे। इन्हीं के आधार पर 11 जून 2020 को टेंडर प्राप्त किया गया। उसी दिन 83 फ्लैट्स की टैस्ट रिपोर्ट और संबंधित बिल भी जमा किए गए। दस्तावेजों की जांच में कूटरचना के संकेत मिले हैं।

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *