19 नवम्बर: हमीरपुर जिला के भोरंज में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 50 पदों पर भर्ती के लिए 25 नवंबर को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर की ओर से ये साक्षात्कार उप रोजगार कार्यालय भोरंज में लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि भर्ती के लिए 19 से 40 वर्ष आयु के पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता दसवीं फेल, दसवीं पास या इससे अधिक होनी चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए जाएंगे। प्रतिदिन 8 से 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 19 हजार से 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि निर्धारित योग्यता रखने वाले और किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवा अपने मूल प्रमाण पत्रों और हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।