हमीरपुर में 90 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, मतदाता जागरूकता के लिए निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित

19 नवम्बर: हमीरपुर में जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बुधवार को शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला स्तरीय निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के करीब 90 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस दौरान प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है। युवाओं और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ सभी पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए शिक्षण संस्थानों में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) गठित किए गए हैं। इन क्लबों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक नागरिक को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना चाहिए और हर चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। चुनाव में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण होता है, इसलिए युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

प्रतियोगिता के समन्वयक एवं सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, स्कूल की प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, निर्वाचन विभाग के नायब तहसीलदार बलवंत सिंह और डॉ. ललित कुमार सहित पांचों विधानसभा क्षेत्रों के नोडल अधिकारी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में पहले दस स्थानों पर वंशिका, पलक ठाकुर, ऋतिका, आस्था, तनवी, मेघना राणा, पायल ठाकुर, वंशिका अग्निहोत्री, आंचल और शैलजा रहीं। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नैंसी, कृष्ण शर्मा, रिया शर्मा, साक्षी, आशीष, शुभम, सिमरन, आर्यन केशव, खुशबू शर्मा और वंशिका ने स्थान हासिल किए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *