19 नवम्बर: हमीरपुर में सामाजिक संस्था सीनियर सिटीजन काउंसिल ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर भेंट किए। बुधवार को आयोजित संस्था की बैठक में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान सुनील शर्मा बिट्टू ने संस्था के जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमीरपुर की सीनियर सिटीजन काउंसिल जनसेवा की एक मिसाल है। संस्था अस्पताल में रोजाना आने वाले सैकड़ों मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए सहारा बन रही है। इसके अलावा अन्य जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी संस्था हमेशा आगे रहती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मेडिकल कॉलेज में कई अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यहां अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलग मदर-चाइल्ड अस्पताल और कैंसर केयर संस्थान स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पैट स्कैन, रोबोटिक सर्जरी सहित एम्स नई दिल्ली के स्तर की आधुनिक सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इससे प्रदेशभर के मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।
बैठक में काउंसिल के अध्यक्ष भगवान दास शास्त्री और अन्य पदाधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने काउंसिल की ओर से अस्पताल को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर भी भेंट किए।
कार्यक्रम में काउंसिल के पदाधिकारी विजय पुरी, राकेश पुरी, दीप चंद शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, कुलदीप शर्मा, कुलदीप कमल, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शहनशाह, राजेश आनंद, मनोज शर्मा, राकेश शर्मा, करतार चंद, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज शर्मा, अतिरिक्त निदेशक संजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारी और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।