आवाज़ ए हिमाचल
स्वर्ण राणा, नूरपुर
17 नवंबर।राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने नूरपुर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका स्वागत करते हुए सम्मानित किया। एसडीएम अरुण शर्मा ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसडीएम अरुण शर्मा ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज में एक आईने की तरह काम करता है। मीडिया के माध्यम से आम जनता की समस्याएं, स्थानीय मुद्दे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी कमियां सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।एसडीएम ने कहा कि जनसमस्याओं और स्थानीय मुद्दों को मीडिया द्वारा उजागर किए जाने से सरकार, प्रशासन और शासन को जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का पता चलता है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि किस क्षेत्र में किन सुविधाओं की कमी है और कहां सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार भी सामने आने वाली समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास करती है।उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से उन्हें भी कार्यालय में बैठे-बैठे लोगों की समस्याओं की जानकारी मिलती रहती है। पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को संज्ञान में लेकर प्रशासन उनके समाधान के लिए प्रयास करता है।एसडीएम अरुण शर्मा ने नूरपुर प्रेस क्लब का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करना और सम्मानित करना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने सभी पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसमस्याओं को सामने लाने और प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है।कार्यक्रम के दौरान नूरपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।