12 नवम्बर: कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर वीरवार को नगर निकाय ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ पर बने बांस के अस्थायी ढांचे को हटा दिया। इसके साथ ही पैदल यात्रियों की आवाजाही में बाधा बन रहे लोहे के गेट को भी गैस कटर से काटकर हटाया गया। यह कार्रवाई 121, कालीघाट रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
कार्रवाई के दौरान कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान तैनात रहे। नगर निकाय के कर्मचारियों ने पहले बुलडोजर की मदद से बांस के ढांचे को गिराया और फिर उसके खंभे हटाकर फुटपाथ खाली करवाया। यह अस्थायी ढांचा पिछले कुछ समय से विवाद का विषय बना हुआ था। TMC का कहना था कि पश्चिम बंगाल सुरक्षा निदेशालय ने अभिषेक बनर्जी को जेड-प्लस सुरक्षा मिलने के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के लिए यह ढांचा बनवाया था। पार्टी ने इसे सांसद की ओर से कराया गया अनधिकृत निर्माण मानने से इनकार किया था।
TMC प्रवक्ता अर्का नाग ने बुधवार को कहा था कि अतिरिक्त सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद इस ढांचे की जरूरत नहीं रह गई थी और अभिषेक बनर्जी की ओर से इसे हटाने की व्यवस्था की जा रही थी। उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने बुधवार को इसे हटाने का काम भी शुरू कर दिया था। हालांकि, इसी बीच विवाद उस समय और बढ़ गया, जब अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी वाहनों के जरिए उनके आवास के बाहर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी साझा किया था।
TMC ने दावा किया था कि पुलिसकर्मी ढांचा हटवाने के लिए वहां पहुंचे थे। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी इस ढांचे पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि इससे फुटपाथ पर पैदल चलने वालों को परेशानी होती थी और उन्हें व्यस्त सड़क से होकर गुजरना पड़ता था। छह नवंबर को अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन समारोह के दौरान कालीघाट में बड़ी संख्या में लोगों के इस ढांचे के नीचे जुटने के बाद विवाद और गहरा गया था। पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने और TMC के मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरने के बीच इस कार्रवाई ने राज्य में राजनीतिक टकराव को भी चर्चा में ला दिया है।