ऊना के बढ़ोली गांव में चचेरे भाई और भाभी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

12 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बढ़ोली गांव में दिवाली की रात हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी जरनैल सिंह उर्फ जैला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद अदालत में पेश करने पर आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी पर अपने चचेरे भाई और भाभी को थार गाड़ी से कुचलकर हत्या करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे बढ़ोली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट हुई और थार गाड़ी से कुचलने की घटना भी सामने आई। इस वारदात में ऑंकार सिंह (38) और उनकी पत्नी वीना देवी (37) की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे।

शिकायतकर्ता अजमेर सिंह ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान जरनैल सिंह ने कथित तौर पर थार गाड़ी से उनके बेटे ऑंकार सिंह और बहू वीना देवी को कुचल दिया। घटना में उन्हें और उनकी पत्नी सुषमा देवी को भी चोटें आई थीं। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।

घटना के दौरान आरोपी जरनैल सिंह भी घायल हुआ था। उसके सिर और बाजू में चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। बुधवार सुबह पीजीआई से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, आरोपी की एक बाजू में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है। पुलिस मेडिकल जांच के बाद उसके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आगे की पूछताछ करेगी।

मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। जरनैल सिंह के बेटे केशव ठाकुर ने आरोप लगाया है कि ऑंकार सिंह और उनके परिवार के सदस्य उनके घर पहुंचे थे, जहां मारपीट हुई। शिकायत के अनुसार, इस दौरान जरनैल सिंह और केशव को भी चोटें आईं तथा दूसरे पक्ष पर दराट से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की हैं और सभी आरोपों की अलग-अलग जांच की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के आरोपी जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस आरोपी के बयान दर्ज करने के साथ ही दूसरे पक्ष के लोगों से भी पूछताछ करेगी। मामले में मारपीट, दराट से हमले और वाहन से कुचलने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *