भैया दूज पर मायके गई थी पत्नी, पीछे से ठाणा गांव में पति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

12 नवम्बर: जिला हमीरपुर की दरोगण के कोट पंचायत के ठाणा गांव में 42 वर्षीय व्यक्ति ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी पत्नी भैया दूज के अवसर पर मायके गई हुई थी और वह घर में अकेला था। बुधवार सुबह पत्नी ने पति को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इस पर पत्नी ने परिवार के अन्य सदस्यों को घर जाकर देखने के लिए कहा। जब मृतक का भतीजा घर पहुंचा तो कमरे में सुनील कुमार का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

मृतक की पहचान सुनील कुमार (42) पुत्र रिखी राम निवासी गांव ठाणा, डाकघर कोट, तहसील टौणीदेवी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। वह पेंटर का काम करता था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *