12 नवम्बर: महान स्वतंत्रता सेनानी वीर वजीर राम सिंह पठानिया की 177वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को उनकी जन्मस्थली बासा वजीरा में वीर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान सांसद राजीव भारद्वाज, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व सांसद कृपाल परमार और पूर्व विधायक अजय महाजन भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया सहित अन्य अतिथियों ने वीर वजीर राम सिंह पठानिया के सुरक्षा कवच के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वजीर राम सिंह पठानिया किसी वंश या क्षेत्र विशेष की पहचान नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से भी पहले 1848 में उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल बजाकर देश में स्वतंत्रता की अलख जगाई थी।
उन्होंने कहा कि वजीर राम सिंह पठानिया ने युवावस्था में ही मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर अद्वितीय शौर्य और देशभक्ति का परिचय दिया। उनकी वीरगाथा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने उन्हें प्रथम स्वतंत्रता सेनानी घोषित करने संबंधी प्रस्ताव विधानसभा से सर्वसम्मति से पारित कर केंद्र सरकार को भेजा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद राजीव भारद्वाज इस विषय को संसद में उठाकर आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करेंगे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वीर वजीर राम सिंह पठानिया को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब नूरपुर में उनका भव्य मेमोरियल बनाया जाएगा। इसके लिए वह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बातचीत कर मेमोरियल निर्माण के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वजीर राम सिंह पठानिया का बलिदान सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन त्याग, नेतृत्व और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।
सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि वजीर राम सिंह पठानिया का संघर्ष किसी क्षेत्र या राज्य तक सीमित नहीं था, बल्कि यह पूरे भारत की स्वतंत्रता की चेतना से जुड़ा हुआ था। कम आयु में अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देना उनके अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम का परिचायक है। उन्होंने कहा कि विधानसभा से पारित प्रस्ताव को संसद में भी उठाया जाएगा, ताकि इस महान स्वतंत्रता सेनानी को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान और पहचान मिल सके।
नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि वीर वजीर राम सिंह पठानिया का जीवन साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। युवाओं को उनके जीवन और गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर एसपी इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण शर्मा, डीएफओ संदीप कोहली, वीर वजीर राम सिंह पठानिया के वंशज राजेश्वर सिंह, उदय पठानिया, आधिराज पठानिया, इंटैक की राज्य संयोजक मालविका पठानिया, यूथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी अमित पठानिया, केसीसी बैंक के पूर्व अध्यक्ष करनैल सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।