10 नवम्बर: चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से 12 नवंबर को हारचक्कियां से गुब्बर तक एंटी चिट्टा मैराथन आयोजित की जाएगी। इस मैराथन में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे।
शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, ताकि नशे के खिलाफ सामूहिक एकजुटता और जागरूकता का संदेश दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि चिट्टा केवल एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ लड़ाई में अभिभावकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों सहित हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से चिट्टा जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस मैराथन के माध्यम से चिट्टे के खिलाफ एकजुटता, जागरूकता और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।