9 नवम्बर, आशीष दमीर : ग्राम पंचायत चकवन समीरपुर के वार्ड नंबर-1 में ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिली है। यहां नवनिर्मित विद्युत चालित हैंडपंप मोटर का उद्घाटन कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) जिला कांगड़ा एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष तथा प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष चौधरी नरेंद्र निशू मोंगरा ने किया।
इस अवसर पर नरेंद्र निशू मोंगरा ने बताया कि कुछ दिन पहले स्थानीय ग्रामीणों ने उनसे इस वार्ड में हैंडपंप लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुए जल्द ही हैंडपंप की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों को इसी तरह गति दी जाएगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद नरेंद्र निशू मोंगरा ने ग्रामीणों के साथ जनसभा कर उनकी विभिन्न समस्याओं और मांगों को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी, सड़क, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष समस्याओं को उठाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इस मौके पर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने हैंडपंप मोटर की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।