बिलासपुर के झंडूता उपमंडल के कलर गांव में मकान में लगी आग, 40 लाख की संपत्ति बचाई

9 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत औहर के कलर गांव में दीपावली की रात एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया, जबकि इस अग्निकांड में लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन भाग सिंह ने बताया कि दीपावली की रात 9 बजकर 29 मिनट पर उप अग्निशमन केंद्र झंडूता को कलर गांव में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चार कर्मचारियों की टीम अग्निशमन वाहन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। झंडूता अग्निशमन केंद्र से करीब 24 किलोमीटर दूर होने के बावजूद टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को मकान के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार आग से करीब 1.50 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जबकि समय रहते आग पर काबू पाने से लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित बचा ली गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *