9 नवम्बर: मंडी में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। अभियान के तहत खिलाड़ियों और टीमों को गेम्स मैनेजमेंट सिस्टम (जीएमएस) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा, जबकि पंजीकरण की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में अभियान के सफल आयोजन को लेकर बैठक हुई। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से ‘खेल अपनाओ-नशा भगाओ’ थीम पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करना और उन्हें नशे से दूर रखना है।
अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को आगामी पांच दिनों के भीतर अपने क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर जीएमएस पोर्टल के माध्यम से खिलाड़ियों एवं टीमों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी उपमंडलों में 15 दिसंबर तक प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। ब्लॉक एवं उपमंडल स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय मुकाबले होंगे, जो मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए संबंधित खेल संघों के सहयोग से योग्य रेफरी एवं अंपायर नियुक्त करने और तकनीकी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताएं करवाना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उनमें खेल भावना विकसित करना और स्वस्थ समाज के निर्माण को बढ़ावा देना भी है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, सभी उपमंडलों के उपमंडलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।