07 फरवरी: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चौपाल क्षेत्र में एक युवक का शव किराए के कमरे से बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव झुलसी हुई अवस्था में मिला है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी करतार नेगी ने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी कि उनके मकान में किराए पर रहने वाला युवक कमरे के अंदर मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया।
शव के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान राजकुमार शर्मा पुत्र धर्मवीर शर्मा के रूप में हुई है। वह शिमला जिले की ठियोग तहसील के देहा गांव का निवासी बताया जा रहा है और कमरे में अकेला रहता था।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर कुछ सुराग ज्वालापुर क्षेत्र से जुड़े मिले हैं, लेकिन अभी तक किसी नजदीकी परिजन से संपर्क नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।