9 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर एमडी/एमएस आयुर्वेद पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय ने प्रदेश के सरकारी और निजी आयुर्वेदिक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी-2026) उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 29 नवंबर निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दाखिले से संबंधित विवरण पुस्तिका और ऑनलाइन आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक एवं काउंसिलिंग समिति के सदस्य सचिव डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर अभ्यर्थी विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए counselling.amruhp@gmail.com पर ईमेल भेजा जा सकता है। इसके अलावा दूरभाष नंबर 01905-243967 और व्हाट्सएप नंबर 94591-49364 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।