रेहलू-बलड़ी सड़क पर खर्च होंगे 90 लाख रुपये, बलड़ी गांव को जल्द मिलेगी सड़क सुविधा: केवल सिंह पठानिया

28 अक्तूबर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बलड़ी गांव में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित फुटब्रिज का विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस फुटब्रिज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीडियो कॉल के माध्यम से धनराशि स्वीकृत की थी। विधायक ने घोषणा की कि रेहलू-बलड़ी सड़क के निर्माण पर 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे गांव के लोगों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।

बरसात के बाद पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नए फुटब्रिज के निर्माण से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गांव में विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। इसमें से 10 लाख रुपये फुटब्रिज के निर्माण पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष 90 लाख रुपये रेहलू-बलड़ी सड़क के निर्माण पर व्यय किए जाएंगे।

जनसभा को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को धमोटा गांव में सड़क निर्माण से संबंधित भूमि की औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए निजी भूमि की आवश्यकता पड़ने पर संबंधित भूमि मालिकों से सहयोग की अपील की जाएगी। उन्होंने बताया कि फुटब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन धान की फसल के कारण इसके लोकार्पण में देरी हुई। क्षेत्र में पावर प्रोजेक्ट स्थापित किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले विधायक ने बहाव सिंचाई योजना के तहत सरांकनी कूहल की आरसीसी लाइनिंग का उद्घाटन भी किया। बलड़ी गांव में पहली बार विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया।

सेवानिवृत्त बीईईओ एवं स्थानीय निवासी सेठ राम ने कहा कि देश को वर्ष 1947 में आजादी मिली थी, लेकिन क्षेत्र के विधायक और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के गांव पहुंचने से उन्हें आज वास्तविक मायनों में आजादी का एहसास हो रहा है। ग्राम पंचायत भनाला की प्रधान नीलम राणा ने विधायक का स्वागत किया और पंचायत की विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। जिला परिषद सदस्य संदीप ने भी अपने विचार रखे।

इसके बाद विधायक केवल सिंह पठानिया ने गोरडा पंचायत पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, बीडीओ रैत योगेंद्र, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओंकार राणा, जिला परिषद सदस्य संदीप, प्रधान रेहलू सीमा महाजन, प्रधान सकऊ पिंटू परमार, प्रधान बोडूसरना नीलम, पूर्व प्रधान देवराज, पूर्व बीडीसी अक्षय अत्री, कैप्टन सुभाष, चैन सिंह, अजय चौधरी और रवींद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *