बिलासपुर में जिम में व्यायाम करने पहुंचे शिक्षक की अचानक मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

28 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल में बुधवार सुबह जिम में व्यायाम करने पहुंचे एक निजी स्कूल के शिक्षक की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय विशाल कौंडल निवासी गांव जोलपलाखी, कुठेड़ा, घुमारवीं के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, विशाल कौंडल रोजाना की तरह बुधवार सुबह भी व्यायाम करने के लिए जिम पहुंचे थे। वह अपनी फिटनेस को लेकर काफी जागरूक थे। व्यायाम के दौरान जब वह एक मशीन के पास खड़े थे, तो अचानक नीचे की ओर झुके और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। यह पूरी घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

विशाल के जमीन पर गिरने के बाद शुरुआत में जिम में मौजूद लोगों को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ। कुछ ही सेकंड बाद एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और सीपीआर देने का प्रयास किया। इसके बाद अन्य लोगों की मदद से उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विशाल कौंडल इलाके के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनके अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *