28 अक्तूबर, आशीष दमीर : करवा चौथ के व्रत से पहले कांगड़ा के मंदिर बाजार में इस बार रौनक फीकी रहने से दुकानदार मायूस हैं। हर साल इस पर्व के दौरान बाजार में महिलाओं की काफी चहल-पहल रहती थी, लेकिन इस बार ग्राहकों की कम आवाजाही ने दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने पर्व को देखते हुए अपनी दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान भर रखा था, लेकिन बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही है।
करवा चौथ का व्रत कल मनाया जाएगा। इसे देखते हुए कांगड़ा शहर में दुकानदारों ने फेनियां, मठियां, ड्राई फ्रूट्स और व्रत से जुड़ी अन्य सामग्री बिक्री के लिए उपलब्ध करवाई है। शहर में जगह-जगह इन सामानों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद बाजार में ग्राहकों की संख्या कम नजर आ रही है।
स्थानीय दुकानदार अभय कुमार, पिंकी कुमार, कप्लू कुमार और सुभाष चंद का कहना है कि करवा चौथ के दौरान कांगड़ा के बाजारों में हर साल अच्छी बिक्री होती थी। इसी उम्मीद में दुकानदार पहले से ही सामान खरीदकर अपनी दुकानों में रखते थे। इस पर्व से होने वाली कमाई से उन्हें कारोबार चलाने और अन्य खर्चों का भुगतान करने में काफी मदद मिलती थी।
दुकानदारों के अनुसार, ऑनलाइन खरीदारी और शहर में खुले बड़े मेगा मार्ट के कारण स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बड़े स्टोरों में भारी छूट मिलने के चलते लोग वहां से खरीदारी करना पसंद कर रहे हैं। इसका सीधा असर छोटे दुकानदारों के कारोबार पर पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि कांगड़ा का मंदिर बाजार कभी करवा चौथ की खरीदारी के लिए प्रमुख स्थान माना जाता था, जहां महिलाओं को जरूरत का लगभग हर सामान मिल जाता था। लेकिन इस बार दुकानें सामान से भरी होने के बावजूद बिक्री कम है। ग्राहकों की कम संख्या के कारण दुकानदारों के सामने अब व्यापारियों से खरीदे गए सामान का भुगतान करने की चिंता भी खड़ी हो गई है।