भवारना में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 16 शराब ठेके सील और लाइसेंस रद्द

28 अक्तूबर:कांगड़ा जिले के भवारना यूनिट के अंतर्गत आबकारी एवं कराधान विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब के 16 ठेकों को सील कर दिया। विभाग की पांच टीमों ने शाम करीब चार बजे फेटा बाजार, लोअर बस अड्डा, मनसिंबल और पुन्नर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी ठेकों पर सील लगा दी गई।

जानकारी के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले जिला कांगड़ा और हमीरपुर की टीमों ने भवारना के साथ लगते भीखाशाह में एक परिसर से अवैध शराब की पेटियां, स्टीकर और अन्य सामान बरामद किया था। इस मामले में मिली जानकारी के आधार पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। विभागीय जांच के दौरान आबकारी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने के बाद ठेकों को सील करने की कार्रवाई की गई।

इससे पहले पंचरुखी में भी शराब से भरी एक जीप पकड़ी गई थी। इन घटनाओं के बाद से विभाग की टीमें लगातार जांच कर रही थीं। मंगलवार को देर रात तक विभाग की कार्रवाई जारी रही। ठेकों के लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद अब इनकी दोबारा नीलामी की जाएगी।

आबकारी एवं कराधान विभाग कांगड़ा के असिस्टेंट कमिश्नर विनोद खन्ना ने बताया कि आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन के चलते शराब के 16 ठेकों को सील कर उनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *