28 अक्तूबर: बिलासपुर से शिमला जाने वाले लोगों को मंगलवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर खलोटा के पास फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान अचानक सड़क धंस गई, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क बंद होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। हालांकि, पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया, लेकिन इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
नौणी से शिमला तक फोरलेन निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य के दौरान विभिन्न स्थानों पर कटिंग की जा रही है। खलोटा के पास सड़क धंसने की घटना के बाद नौणी-ब्रह्मपुखर फोरलेन से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को जब्बल पुल-खारसी मार्ग से भेजा गया। वहीं, शिमला और दाड़लाघाट की ओर से आने वाले वाहनों को दाड़ला मोड़-मलोखर-खारसी मार्ग से डायवर्ट किया गया। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई।
फोरलेन निर्माण कार्य को संबंधित कंपनी द्वारा तेजी से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार निर्माण कार्य पूरा किया जा सके।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मंगलवार शाम को एनएच-205 को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। फिलहाल मार्ग पर सिंगल लेन में यातायात बहाल किया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से प्रभावित स्थल से गुजरते समय सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की। साथ ही, मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा।