पंजाब बंद से ऊना में बस सेवाएं प्रभावित, 40 रूट रहे बंद

16 अक्तूबर: पंजाब में मानसा हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए बंद का असर ऊना में भी देखने को मिला। पंजाब की ओर जाने वाले ऊना डिपो के करीब 40 बस रूट बंद रहे। इसके अलावा कांगड़ा, हमीरपुर, बैजनाथ और बिलासपुर सहित अन्य क्षेत्रों से चंडीगढ़ व दिल्ली जाने वाली बसें भी ऊना तक ही संचालित हुईं। पंजाब में रास्ते बंद होने के कारण बसों को आगे नहीं भेजा गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पंजाब बंद के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी), हरियाणा रोडवेज और चंडीगढ़ परिवहन निगम (सीटीयू) की बसें भी ऊना बस स्टैंड तक ही पहुंचीं। वहीं, पंजाब रोडवेज की बसें नंगल तक संचालित हुईं। बस सेवाएं प्रभावित होने के कारण ऊना डिपो की कई बसों को रामपुर स्थित वर्कशॉप और पुराने बस अड्डे के परिसर में खड़ा करना पड़ा। दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और जालंधर सहित पंजाब के विभिन्न शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ी।

पंजाब में रोपड़-कुराली और चंडीगढ़-दिल्ली मार्ग पर कई स्थानों पर रास्ते बंद किए गए थे। आनंदपुर साहिब के पास मार्ग बंद होने से भी बसों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि, दोपहर करीब दो बजे के बाद रास्ता खुलने पर ऊना से बद्दी के लिए बस सेवा बहाल कर दी गई। इसके बाद एचआरटीसी ने छह बसें बद्दी के लिए रवाना कीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *