15 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पीति क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में काजा में 2 मेगावाट क्षमता वाले ग्रिड-कनेक्टेड फोटोवोल्टिक सौर ऊर्जा संयंत्र और रोंगटोंग में 1 मेगावाट-घंटा क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने छिदांग तंगती से खर तेलिंग और तंजित से हिक्किम तक सड़कों के उन्नयन कार्यों का भूमि पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने से स्पीति क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। साथ ही, पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के नए अवसर भी सृजित होंगे।