इंदौरा के मंगवाल स्कूल के विकास के लिए विधायक मलेंद्र राजन ने की 31 हजार रुपये देने की घोषणा

15 अक्तूबर: विधायक मलेंद्र राजन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगवाल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।

विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यालय में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने का आश्वासन देते हुए कहा कि जमीन उपलब्ध होने पर यहां भव्य खेल मैदान का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने स्कूल भवन की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कार्य कर रही है। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की घटती संख्या को देखते हुए पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। इसके साथ ही चरणबद्ध तरीके से स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के चार स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।

इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर स्कूल की वर्षभर की उपलब्धियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर जरम सिंह ठाकुर, प्रीतो देवी, सुरेश कुमार, विजेंद्र कंवर, विजेंद्र पठानिया, नरेंद्र शर्मा, देवेंद्र, सुरेंद्र कुमार, करण सिंह, संतोष शास्त्री, आंचल, सरिता सांब्याल और विशाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *