धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर ने जंजैहली में की विकास कार्यों की समीक्षा, 17 सड़कों पर 90 दिनों में यातायात बहाली के निर्देश

14 अक्तूबर: धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर की अध्यक्षता में सोमवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय जंजैहली के समिति कक्ष में उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का संचालन उपमंडलाधिकारी (ना.) थुनाग एवं समिति के सदस्य सचिव संजीत शर्मा ने किया। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई और लगभग पांच घंटे तक चली।

बैठक के दौरान विधायक चंद्रशेखर ने लोक निर्माण विभाग को आपदा से प्रभावित 21 सड़कों में से प्राथमिकता के आधार पर 17 सड़कों पर आगामी 60 से 90 दिनों के भीतर यातायात बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत बोर्ड और जल शक्ति विभाग को लंबित महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने तथा दुग्ध समितियों के पंजीकरण से संबंधित औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा।

विधायक ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, वन अधिकार अधिनियम-2006, मुख्यमंत्री अपना परिवार एवं सुखी परिवार योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागों को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

आपदा के कारण प्रभावित सड़कों और बस सेवाओं को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों पर बसें चलाने की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए उपमंडलाधिकारी (ना.) थुनाग की अध्यक्षता में संबंधित हितधारकों की समिति गठित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, विद्युत और जल शक्ति विभाग से जुड़े अंतरविभागीय मुद्दों के समाधान के लिए भी उपमंडलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

विधायक चंद्रशेखर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सराज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष गोरजा देवी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल सहगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *