कुल्लू के ढालपुर में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग

13 अक्तूबर: मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर लगे कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में कुल्लू जिला मुख्यालय ढालपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन कर सांसद का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और कांग्रेस पार्टी से सांसद के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की कुल्लू जिला अध्यक्ष बिंदिया सूद, प्रदेश प्रवक्ता भानु कपूर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष बिंदिया सूद ने कांग्रेस पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी एक ओर महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर अपने सांसद पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर उसकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े एक पुराने मामले का हवाला देते हुए दावा किया कि 11 छात्राओं ने सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति की जांच के बाद उन्हें प्रोफेसर के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। भाजपा महिला मोर्चा ने मामले में कांग्रेस से अपने सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं, प्रदेश प्रवक्ता भानु कपूर ने आरोप लगाया कि छात्राओं को परीक्षा में अच्छे अंक देने और पास करवाने का प्रलोभन देकर कथित तौर पर उनका यौन शोषण किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की।

भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों ने कहा कि वे महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के मुद्दे पर आवाज उठाती रहेंगी। उन्होंने मांग की कि मामले में उचित कार्रवाई होने तक इस मुद्दे को उठाया जाता रहेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *