सोलन में 13 से 15 अक्तूबर तक लगेंगे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के जागरूकता शिविर

13 अक्तूबर: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को जागरूक करने और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सोलन में 13 से 15 अक्तूबर तक ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, सोलन के विद्युत उपमंडल-2 के सहायक अभियंता विपुल कश्यप ने दी।

उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय सहायता और सब्सिडी के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने और नेट मीटरिंग की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। शिविर में पात्र लोगों का योजना के तहत पंजीकरण भी किया जाएगा।

विपुल कश्यप ने बताया कि शिविर में रूफ टॉप सोलर विक्रेताओं और संबंधित एजेंसियों के माध्यम से लोगों को बैंकों से जोड़ा जाएगा, ताकि वे ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि ये शिविर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के कौशल विकास केंद्र स्थित सहायक अभियंता कार्यालय, सोलन में आयोजित होंगे। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।

उन्होंने सोलन के निवासियों से अपील की कि वे शिविर में भाग लेकर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें और इसका लाभ उठाएं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *