एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के लिए दिल्ली रवाना हुए हिमाचल के मंत्री-विधायक, आज जाएंगे सीएम सुक्खू

12 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश से कैबिनेट मंत्री, विधायक और कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर आज दिल्ली में होने वाले इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राजधानी रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज सुबह शिमला से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष भी प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत हिमाचल प्रदेश से मंत्री और विधायक रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी रविवार को दिल्ली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण वह रवाना नहीं हो सके। अब उनका आज सुबह दिल्ली जाने का कार्यक्रम है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन में हिमाचल से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन के पदाधिकारियों को निर्देश दिए थे। जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को साथ लेकर दिल्ली पहुंचने को कहा गया था। इसके तहत कई पदाधिकारी रविवार सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली स्थित हिमाचल भवन पहुंचने के निर्देश दिए हैं, जहां से वे प्रदर्शन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इससे पहले भी दो बार दिल्ली में एसआईआर के मुद्दे पर पार्टी के विरोध प्रदर्शनों में शामिल हो चुके हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *