12 अक्तूबर: स्वारघाट पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरा स्थित एचपी टोल एंट्री बैरियर के नजदीक नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान करण (18) पुत्र रामपाल निवासी निहारखन-बासला, डाकघर ब्रह्मपुखर और शुभम (24) पुत्र सोहन लाल निवासी ज्योरा-करोट, डाकघर डोभा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, स्वारघाट पुलिस ने गरा में एचपी टोल एंट्री बैरियर के समीप नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने जांच के लिए एक स्कूटी को रोका। तलाशी लेने पर युवकों के कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में नशे की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।