कांगड़ा में होमस्टे पर पुलिस की दबिश, 11 ग्राम चिट्टे के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

12 अक्तूबर:हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भवारना थाना क्षेत्र के अरला स्थित एक होमस्टे में दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप राम (33), निवासी सल्याणा, पालमपुर, संजीव कुमार (36), निवासी अरला, पालमपुर, अरुण कुमार (29), निवासी चौकी खलेट, पालमपुर और दीपक (38), निवासी जंडियाला गुरु, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

कांगड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और नशे की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *