नादौन में 14 खेलों के लिए मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, अणु में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू

12 अक्तूबर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को हमीरपुर के अणु में छात्राओं की 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 इंडोर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और एक स्पोर्ट्स हॉस्टल की लगभग 803 छात्राएं भाग ले रही हैं। इसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, भारोत्तोलन, कुश्ती, मुक्केबाजी, जूडो, कराटे, वुशू और ताइक्वांडो सहित 10 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने आयोजन समिति और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को जल्द ही नादौन में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम की सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस स्टेडियम में 14 खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने खिलाड़ियों से महान धावक मिल्खा सिंह और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन महान खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर विश्वभर में देश का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों को भी खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए, ताकि वे भविष्य में प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा सकें।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि खेलों के साथ-साथ जीवन में भी जीत और हार लगी रहती है। हार मिलने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए चिट्टा मुक्त अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।

इससे पहले सुनील शर्मा बिट्टू ने ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों के मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी दी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *