6 अक्तूबर, आशीष दमीर: नागरिक अस्पताल कांगड़ा में मंगलवार को एसएमओ डॉ. अल्पना कायस्थ की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अस्पताल परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई की गई। अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में जमा कूड़े-कचरे को हटाया गया और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया। अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों को नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
एसएमओ डॉ. अल्पना कायस्थ ने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंचते हैं। स्वच्छ वातावरण अस्पताल की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ संक्रमण से बचाव और मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों और लोगों से परिसर व आसपास की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।