30 सितंबर:कृषि विभाग की आत्मा परियोजना विकासखंड निहरी की ओर से ग्राम पंचायत चौकी में एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें करीब 110 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और सभी वार्ड सदस्य भी मौजूद रहे।
गोष्ठी में कृषि विभाग आत्मा परियोजना की जिला उप-परियोजना निदेशक डॉ. सोनल गुप्ता ने किसानों को विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों से कृषि क्षेत्र में उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने के साथ आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
आत्मा परियोजना विकासखंड निहरी के खंड तकनीकी प्रबंधक रवि कुमार तथा सहायक तकनीकी प्रबंधक गणेश और मुरारी ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों और इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राज्य सहकारी बैंक के अधिकारी निशांत शर्मा ने बैंक की विभिन्न कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं, पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सक अधिकारी ने किसानों को पशुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।