आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने केंद्रीय टीम पहुंची कांगड़ा

28 सितम्बर: मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को कांगड़ा पहुंची। छह सदस्यीय टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु ने किया।

केंद्रीय टीम में जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामवतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा, वित्त मंत्रालय के उप निदेशक कनव दुआ तथा इसरो के रिमोट सेंसिंग सेंटर, हैदराबाद के वैज्ञानिक डॉ. श्री शशिवर्धन रेड्डी शामिल रहे।

गगल हवाई अड्डे पहुंचने पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। इसके बाद टीम ने जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मानसून के दौरान जिले में हुए नुकसान के साथ-साथ राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई।

बैठक के बाद केंद्रीय टीम आपदा प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के लिए रवाना हुई। टीम अपने दो दिवसीय कांगड़ा दौरे के दौरान विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का स्थलीय जायजा लेगी। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए गए नुकसान के आकलन की जानकारी ली जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा अंजली गर्ग सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *