12 सितंबर: सुंदरनगर उपमंडल के डैहर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया। जडोल क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने डैहर सतलुज पुल से नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवाओं ने तुरंत सतलुज नदी में उतरकर महिला को बाहर निकाला। इसके बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। महिला ने पुल से नदी में छलांग क्यों लगाई, फिलहाल इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।