12 सितम्बर: विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के गांव हरेड़ में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों को कृषि उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए किसानों को 60 स्प्रे पंप और 65 ग्रास कटर वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाना तथा कृषि को आय का सशक्त माध्यम बनाना है।
उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। गांव हरेड़ में अब तक करीब 24 लाख रुपये की राशि से विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ किसानों को आवश्यक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि वाटरशेड विकास घटक 2.0 का उद्देश्य वर्षा पर निर्भर कृषि क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने के साथ जल एवं मृदा संरक्षण तथा किसानों की आजीविका को मजबूत करना है। योजना के तहत जल संरक्षण और प्रबंधन से जुड़े विभिन्न कार्यों के साथ किसानों को कृषि उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्प्रे पंप और ग्रास कटर मिलने से किसानों को कृषि एवं पशुपालन संबंधी कार्यों में सुविधा होगी तथा समय और श्रम की बचत होगी। इस तरह की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, प्रधान हरेड़ मिलाप भट्ट, उपप्रधान जसवंत सिंह, प्रभारी उतराला जोन सुभाष शर्मा, बूथ अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, कै. जोगिंदर, जैहरी राम, जसवंत ठाकुर, रमेश चंद गौड़, राज कुमार गौड़, कहर सिंह गौड़, मान चंद गौड़, रणवीर गौड़, चतरु राम, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ सहित विभागीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।