29 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में 7 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने गुरुवार को इंदिरा स्टेडियम का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसपी सचिन हिरेमठ, एसडीएम अभिषेक मित्तल, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के प्रवेश और निकासी, एकत्रीकरण, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ वॉकाथॉन में शामिल होंगे। वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर बस स्टैंड के पास यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे और युवाओं से संवाद करेंगे। वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे समेत अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को मजबूत करना है।
वॉकाथॉन में कक्षा नौवीं से कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य रूप से शामिल किया जाएगा। प्रशासन की ओर से अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक पहुंच सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को आयोजन स्थल और प्रस्तावित रूट पर यातायात, पार्किंग, विद्यार्थियों के आवागमन, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर हेल्थ पोस्ट और वॉकाथॉन के दौरान एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, पुलिस विभाग यातायात एवं कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध करेगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए वॉकाथॉन को प्रभावी जन-जागरूकता अभियान बनाने और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।