कोडीन कफ सिरप मामले में मुख्य सप्लायर महिला देहरादून से गिरफ्तार

25 अगस्त: शिमला पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेरवा पुलिस ने कोडीन आधारित संदिग्ध कफ सिरप की तस्करी के मामले में मुख्य सप्लायर महिला को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान मनीषा राणा (35), पत्नी शिव सिंह, निवासी जिला देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, छह अगस्त को नेरवा पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक वाहन की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान बिना लेबल की कोडीन आधारित संदिग्ध कफ सिरप की पांच सीलबंद प्लास्टिक बोतलें बरामद हुई थीं। इस मामले में पुलिस थाना नेरवा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के बैकवर्ड लिंक और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल की। जांच के दौरान देहरादून निवासी मनीषा राणा का नाम सामने आया। पुलिस को प्रतिबंधित पदार्थ की खरीद के संबंध में आरोपियों और मनीषा के बीच फोन पर संपर्क तथा ऑनलाइन भुगतान किए जाने के सुराग भी मिले।

इन सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने देहरादून में दबिश देकर मनीषा राणा को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में उसकी भूमिका मामले में मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *